Friday, March 19, 2021

वो हारी हुई औरत

ख़ुशी के प्रदर्शन में
चमकता चेहरा
हमेशा ही मुस्कराहट में फैलें होंठ
लेकिन आँखों में है समेटे 
जाने कितने ही समंदर

वो हारी हुई औरत
जो छली गई है
जन्म के साथ ही 
बेटे-बेटी के परिपेक्ष्य में
अपने ही भाई से भेदभाव में

उम्र के कुछ अहम हिस्से में
सहमी-सहमी सी गुजरी है
बचाते हुए खुद को
जाने कितनी ही गलीज़ नज़रों की गलियों से

जीवन के इंद्रधनुषी एहसासात के बहाने
फिर छली गई है 
अपने ही अन्धविश्वास से
कदम-कदम पर
किया है भुगतान औरत होने की

 बिखरे सपनो में समेटे अपना वजूद
पूर्ण समर्पित तन मन से 
तुलसी की तरह ही एक आँगन के मध्य
खुद को स्थापित करने की कोशिश में
कितने ही टुकड़ों में विभाजित हुई है

जाने कब सबकी जरूरतों में
ख़त्म हो गई उसकी हिस्सेदारी
पता ही नहीं चला
आंगन के मध्य से तुलसी चौरा कब
बाहर लॉन में विस्थापित हो गया

ढलते सूरज और बढ़ते स्याही के संग
साए भी अलग हो गए
हर भूमिका को पूरी निष्ठा से निभाने के बाद 
 हाथ आया है 
हार का अनुभव

-सुमन शर्मा

No comments:

Post a Comment

सवेरा

खोलो  पलकें कि उजाला हो ख़्वाबों में कैद रहा है सूरज रात भर अब तो कर दो आज़ाद कि सवेरा हो मुस्कराओ कि खिल जाएं कलियां सारी  ख़ुशबू बिखर जाए हवा...