Tuesday, July 20, 2021

तुम्हारी आँखों से

मैंने कभी तुम्हारा शहर नहीं देखा अपनी आँखों से
लेकिन तुम्हारी आँखों से देखा है
तुम्हारे शहर का हर वो गली चौराहा
जहाँ से तुम कारण-अकारण गुज़रते हो

वो मंदिर भी देखी हूँ
जहाँ घंटों बैठ तुम अपने इष्ट से
प्रार्थना में जाने क्या-क्या मांगते हो सिवा मेरे

उस जगह को भी 
जहाँ तुम रोज़ सुबह जाते हो कुत्तों को बिस्कुट खिलाने
हमारी बहस भी हो गई थी एक बार इस बात पर
कि उन बच्चों को बिस्कुट क्यों नहीं खिलाते
जिन्हें दो वक्त की रोटी भी नहीं नसीब पेट भर

उस रेलवे क्रोसिंग को तुमसे ज़्यादा नजदीक से देखी हूँ
जिसके बंद होने पर अक्सर मोटरसाइकिल किनारे खड़ा कर
मुझे कॉल करते हो

1:10 की लोकल कितने स्टेशनों को पार कर
तुम्हें पहुंचाती है तुम्हारे गंतव्य तक
उनके नाम मुझे ऐसे जबानी याद हो गए हैं
जितने कि स्कूल में कितनी बार मास्टर जी की छड़ी खाने के बाद भी
नहीं याद हो पाया अट्ठारह का पहाड़ा

मैं कभी नहीं मिली तुम्हारे किसी दोस्त से
लेकिन तुम्हारे ज़िक्र से पहचानती हूँ
उन सभी को उनके नाम और वरीयता के क्रमानुसार

मैं जानती हूँ कि 
तुम्हारे घर की चौखट 
हमारे रिश्ते की लक्ष्मणरेखा है
लेकिन तुम्हारे घर के हर कोने से परिचित हूँ उसी तरह
जैसे कि गृहस्थी को वर्षों संभालते 
उस घर की स्त्री हो जाती है।

-सुमन शर्मा

No comments:

Post a Comment

सवेरा

खोलो  पलकें कि उजाला हो ख़्वाबों में कैद रहा है सूरज रात भर अब तो कर दो आज़ाद कि सवेरा हो मुस्कराओ कि खिल जाएं कलियां सारी  ख़ुशबू बिखर जाए हवा...